मंदसौर। साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में चार्ज अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं तथा सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना अभियान में मंदसौर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गर्मी और वर्षा ऋतु की तैयारियों के निर्देश-
बैठक में सभी सीएमओ को निर्देश दिए गए कि आगामी गर्मी एवं वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु फायर ब्रिगेड एवं अन्य संसाधनों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।
पेयजल संकट पर त्वरित कार्रवाई के आदेश-
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जहां कहीं भी पेयजल की समस्या उत्पन्न हो, वहां तत्काल जल स्रोतों का अधिग्रहण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उपार्जन, ई-केवाईसी और भू-अर्जन पर फोकस-
बैठक में भू-अर्जन प्रकरणों को लंबित न रखने और ई-केवाईसी कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि 23 मई तक स्लॉट बुकिंग जारी रहेगी तथा बारदान एवं गोदाम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश-
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।