नीमच। मनासा तहसील के ग्राम खजूरी की एक महिला ने गांव के ही आठ लोगों पर दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और रिपोर्ट में तथ्यों में बदलाव कर दिया।
शौचालय के पास रास्ता रोककर की गई मारपीट-
महिला ने बताया कि 16 मई की सुबह वह शौचालय और कुएं पर पानी भरने गई थी, तभी कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें, गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही उसके बर्तन तोड़ दिए और पानी भरने का सामान भी फेंक दिया।
पति के साथ भी मारपीट और पैसे छीनने का आरोप-
महिला के अनुसार जब उसके पति मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी घेर लिया और मारपीट की। आरोप है कि उनकी जेब में रखे प्रधानमंत्री आवास योजना के 30 हजार रुपये भी छीन लिए गए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप-
पीड़िता का कहना है कि थाने में शिकायत देने पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और इसे सामान्य विवाद बताकर दर्ज किया गया। साथ ही लूट की राशि भी 30 हजार की बजाय 3 हजार रुपये दर्ज की गई।
एसपी से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग-
महिला ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच, परिवार की सुरक्षा एवं आर्थिक क्षति की भरपाई की मांग की है।