नीमच। जिले में सुशासन और जनसुनवाई को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज एक अभिनव पहल के तहत जिला प्रशासन का पूरा अमला विशेष बस से ग्राम दलपतपुरा के लिए रवाना हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर से शाम करीब 6 बजे अधिकारियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में आयोजित इस विशेष रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक साथ गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर-
प्रशासन ने यह व्यवस्था इसलिए की है ताकि सभी अधिकारी सामूहिक रूप से कार्यक्रम में शामिल हों और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। इस पहल को प्रधानमंत्री की ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत की अपील से भी जोड़ा जा रहा है।
शिविरों और स्टॉलों से मिलेगा मौके पर लाभ-
ग्राम दलपतपुरा में आयोजित रात्रि चौपाल में आधार कैंप, हितग्राही मूलक शिविर तथा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां ग्रामीणों को कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा, खाद्य आपूर्ति सहित अनेक योजनाओं की जानकारी और लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल को जिले में जनसरोकार और संवेदनशील प्रशासन का मजबूत उदाहरण माना जा रहा है। ग्रामीणों में भी रात्रि चौपाल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।