उज्जैन। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड तराना के सेक्टर क्रमांक 1 में जल पर संवाद कार्यक्रम एवं बावड़ी स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों, नवांकुर संस्था तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन तिलकेश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित प्राचीन गौरीकुंड में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष पांच दशनाम जूना अखाड़ा के महंत मोहन भारती जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महंत ओम भारती जी, महंत शिवानंद जी सहित अन्य संतजनों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बढ़ते तापमान, पर्यावरण असंतुलन और भूजल स्तर में गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण को अत्यंत आवश्यक बताया। सभी उपस्थित जनों ने प्राचीन बावड़ी गौरीकुंड की सफाई कर श्रमदान किया और जल संरक्षण का संकल्प लिया।