देवास। जिले में जनजातीय समुदाय को शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के उद्देश्य से धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 18 से 25 मई 2026 तक “जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग देवास ने बताया कि जिले के चयनित 135 ग्रामों में लाभार्थी संतृप्ति शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिविरों में उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन शिविरों में आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जनधन खाता, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, वन अधिकार पट्टा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य जांच एवं अन्य जनकल्याणकारी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत 21 से 23 मई तक आदि सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई आयोजित कर शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा ग्रामों में पैदल भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन भी किया जाएगा।