नीमच। नगर पालिका द्वारा सोमवार शाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बस स्टैंड स्थित नाले पर बनी पक्की दीवार और अवैध रूप से रखी गई गुमटियों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। कार्रवाई तहसीलदार अजेंद्रनाथ प्रजापत और नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में की गई।
अधिकारियों के अनुसार नाले के अंदर पक्की दीवार बनाकर उसके ऊपर गुमटियां रखी गई थीं। कई बार नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा अंबेडकर रोड स्थित साईं मंदिर के सामने जूस दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। दुकानदारों द्वारा सड़क पर आगे तक कब्जा किए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था, जिसे मौके पर ही हटवाया गया और भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था और नालों की सफाई में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।