चित्तौड़गढ़। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और तापमान को देखते हुए जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने आमजन से सतर्क रहने तथा लू (तापघात) से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
जिला कलक्टर ने बताया कि लू लगने पर सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी, शरीर में ऐंठन और असामान्य स्थिति जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बच्चे और श्रमिक वर्ग गर्मी से अधिक प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए इनका विशेष ध्यान रखा जाए। आमजन को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, छाछ, ओआरएस और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। साथ ही घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखने तथा सूती व ढीले कपड़े पहनने की अपील की गई है।
डॉ. मंजू ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लू लगने की आशंका हो तो उसे तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाकर आराम दें, शरीर को ठंडा रखने का प्रयास करें और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। गंभीर स्थिति में 104 या 108 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।