चित्तौड़गढ़। शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से नगर परिषद प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी और सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में नगर परिषद आयुक्त कृष्ण गोपाल माली ने सोमवार सुबह सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जोन संख्या 5 और 6 के विभिन्न वार्डों, मुख्य मार्गों, नालियों तथा सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने पर 11 कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और जमादारों को निर्देशित किया कि वे कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सफाई कार्य को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि जिम्मेदार कार्यसंस्कृति और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।
इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक सूरज घावरी को भी क्षेत्रीय सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।