मंदसौर। शहर के पोस्ट ऑफिस में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) की टीम ने सोमवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए कनाडा भेजे जा रहे एक संदिग्ध पार्सल से लगभग 2 किलो अफीम जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, पार्सल पर नीमच का पता दर्ज था और इसे कनाडा के लिए बुक कराया गया था। पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों को पार्सल संदिग्ध लगने पर इसकी सूचना नारकोटिक्स विभाग को दी गई, जिसके बाद सीबीएन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पार्सल से बड़ी मात्रा में अफीम मिलने की पुष्टि हुई, जिसके बाद टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो गई।
फिलहाल मामले में पार्सल भेजने वाले व्यक्ति और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है तथा अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही है।