नीमच। जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में यातायात थाने में कार डेकोर एवं रेडियम लगाने वाले दुकानदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी दुकानदारों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि किसी भी चार पहिया वाहन में ब्लैक फिल्म (काली फिल्म) लगाना यातायात नियमों के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित और गैर कानूनी है।
अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी कि भविष्य में यदि किसी वाहन में ब्लैक फिल्म लगाई जाती पाई गई तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों में ब्लैक फिल्म न लगाएं, सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।