नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सोमवार को जिलाधिकारियों के साथ तहसील जीरन के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य ग्राम दलपतपुरा में रात्रि चौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ एक ही जाजम पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के प्रमुख निर्णय एवं निर्देश
स्वरोजगार: भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत 11 हितग्राहियों के प्रकरण तैयार किए गए।
पेयजल: जल निगम को सभी गांवों में गुणवत्तापूर्ण रोड रेस्टोरेशन एवं वंचित बसाहटों में हर घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश। अधिकारियों ने दो माह में सभी गांवों में नल से जल आपूर्ति शुरू करने की जानकारी दी।
विद्युत: दलपतपुरा की विद्युत लाइन को जीरन से जोड़ने हेतु एक सप्ताह में सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश। लो वोल्टेज समस्या के समाधान हेतु 3 दिन में उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन।
सड़क: लोक निर्माण विभाग को जीरन–चीताखेड़ा सड़क की तत्काल मरम्मत एवं एक सप्ताह में गड्ढों के सुधार के निर्देश। ग्राम हरवार में पीएमजीएसवाई सड़क को संधारण अवधि में होने के कारण ठेकेदार से तत्काल सुधार कराने के निर्देश।
ग्रीष्मकालीन पेयजल: पीएचई विभाग को मंगलवार को ग्राम में पहुंचकर नवीन नलकूप खनन एवं हैंडपंपों में सिंगल फेस पंप स्थापित कर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश।
अन्य विकास कार्य: स्टॉप डेम मरम्मत, शाला बाउंड्री वॉल, पुलिया निर्माण, शमशान शेड एवं खेल मैदान के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए गए।
वन एवं राजस्व: संयुक्त सर्वे कर वन क्षेत्र में आबादी व्यवस्थापन हेतु एसडीएम के माध्यम से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश।
पोषण: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 बच्चों को सेम एवं मेम श्रेणी में सुपोषण किट प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के तहत दलपतपुरा में सड़क निर्माण स्वीकृत किया गया है, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
कलेक्टर ने एक दिव्यांग युवक को स्वरोजगार हेतु भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण सहायता तथा आवश्यक होने पर रेड क्रॉस से आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही एक आशा कार्यकर्ता की समग्र आईडी बनवाने एवं पात्र योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
चौपाल के बाद कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ ग्राम में ही रात्रि भोजन भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डीएफओ एसके अटोदे, एडीएम बीएस कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित समस्त जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।