नीमच। मंगलवार को आयोजित जिला जनसुनवाई में जावद तहसील अंतर्गत ग्राम खेड़ा बांगरेड़ निवासी नाथु बंजारा ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध मिट्टी खनन कर जमीन को गंभीर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की।
नाथु बंजारा पिता गोरा बंजारा ने आवेदन में बताया कि उनकी पत्नी लक्ष्मीबाई उर्फ लच्छीबाई के नाम से ग्राम तिलसांवरा, तहसील मनासा में कृषि भूमि दर्ज है। इसके साथ ही ग्राम बांगरेड़ के खेड़ा क्षेत्र में परिवार की पैतृक कृषि भूमि भी है, जिसे वर्षों की मेहनत से उपजाऊ बनाया गया था।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम मालखेड़ा निवासी कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि से अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर उसे बेचा गया, जिससे जमीन गड्ढेनुमा होकर खेती योग्य नहीं रही। शिकायत में राजू पिता मंसा बंजारा सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए भूमि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा भूमि को हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग की है।