नीमच। शहर के व्यस्त एवं प्रमुख क्षेत्रों में शामिल गांधी वाटिका चौराहे पर पर्यावरण से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के सामने स्थित एक हरे-भरे जीवित वृक्ष को कथित रूप से तने में छेद कर रसायन डालकर सूखा दिए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की गई है।
आवदक अवध शर्मा ने जिला कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन भवन के सामने खड़े एक जीवित वृक्ष को सुनियोजित तरीके से नुकसान पहुंचाया गया। शिकायत के अनुसार पेड़ के तने में छेद कर उसमें कथित रूप से एसिड या अन्य घातक रसायन डाला गया, जिसके बाद कुछ ही समय में हरा-भरा वृक्ष पूरी तरह सूख गया।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि निर्माण कार्य से जुड़े कुछ लोगों पर इस घटना में शामिल होने की आशंका है। स्थानीय रहवासियों के हवाले से कहा गया है कि निर्माण स्थल पर कार्यरत एक मजदूर ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसे वरिष्ठ के निर्देश पर पेड़ में रसायन डालने के लिए कहा गया था।
यदि यह आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला शहर में पेड़ को नष्ट करने की एक गंभीर साजिश के रूप में देखा जा रहा है। आवेदक ने इसे पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 एवं संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत गंभीर अपराध बताया है।
शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संबंधित बिल्डर एवं दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने तथा सूखे वृक्ष के स्थान पर नया वृक्षारोपण कराने की मांग की गई है। यह मामला शहर में पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।