नीमच। जिले की तहसील जीरन के ग्राम कोठड़ी इस्तमुरार में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे एवं निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला ग्राम के मुख्य चौराहे नई आबादी वार्ड क्रमांक-1, दलावदा रोड स्थित सर्वे नंबर 661(बी) की शासकीय भूमि से जुड़ा बताया गया है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही निर्भय सिंह राठौर द्वारा उक्त शासकीय भूमि पर रोडी एवं निर्माण सामग्री डालकर अवैध कब्जा किया जा रहा है। साथ ही मंदिर की बाउंड्री के पास भी निर्माण सामग्री रखी जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो संबंधित पक्ष द्वारा गाली-गलौच, धमकी एवं विवाद की स्थिति उत्पन्न की गई, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। यह आवेदन श्यामलाल सरगरा, शांतिलाल सरगरा, दीपक सरगरा एवं गोविंद सरगरा सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा जिला कलेक्टर को सौंपा गया।