गुना। जिले के राघौगढ़ इलाके स्थित भैंसाना गांव में सोमवार से 11 दिवसीय श्रीराम महायज्ञ की शुरुआत हो गई है। पहले दिन सुबह तूमन खेड़ी से भैंसाना तक निकाली गई कलश यात्रा में 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं, सोमवार देर शाम अभिनेता आशुतोष राणा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और विधायक जयवर्धन सिंह ने यज्ञशाला पहुंचकर आहुतियां दीं और भगवान राम की आरती की।
महायज्ञ के पहले दिन सुबह तूमन खेड़ी स्थित पार्वती नदी के घाट से कलश यात्रा शुरू हुई। यहां सभी श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा और भैंसाना गांव तक पदयात्रा की। इस दौरान नागरिक अपने सिर पर भागवत जी और महिलाएं कलश धारण कर चल रही थीं। यज्ञशाला पहुंचने के बाद सभी ने आयोजन स्थल की परिक्रमा की।
आशुतोष राणा और दिग्विजय सिंह ने दी आहुतियां
सोमवार देर शाम अभिनेता आशुतोष राणा, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले आयोजन स्थल का जायजा लिया और भागवत जी का पूजन किया। इसके बाद तीनों ने यज्ञशाला पहुंचकर यज्ञ में आहुतियां दीं और भगवान राम की आरती में हिस्सा लिया।