उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के नंदी हॉल का जल्द ही नया स्वरूप देखने को मिलेगा। मंदिर प्रशासन और उज्जैन विकास प्राधिकरण की मदद से करीब 20 लाख रुपए की लागत से नंदी हॉल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। माना जा रहा है कि सावन माह से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि नंदी हॉल के रिनोवेशन के लिए एजेंसी तय कर दी गई है और जल्द काम शुरू होगा। योजना के तहत नंदी हॉल के दोनों पिलरों को कवर किया जाएगा। इसके अलावा डक्ट, कैमरे, इलेक्ट्रिक वायरिंग और पाइपलाइन को कंसील कर व्यवस्थित रूप दिया जाएगा। नंदी हॉल में लगे मार्बल की विशेष सफाई करवाई जाएगी और पेंटिंग के जरिए उसके पुराने वैभव को बरकरार रखा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि नंदी हॉल को मॉर्डन लुक देने के साथ उसकी आध्यात्मिक पहचान भी कायम रखी जाएगी। आने वाले समय में नंदी हॉल में फ्लोरिंग बदलने का काम भी किया जाएगा। वहीं नंदी की प्रतिमा के सामने दोनों ओर चांदी से जड़ित आकृतियां और मूर्तियां दीवारों पर स्थापित की जाएंगी। इससे पूरा नंदी हॉल चांदी की चमक से दमकता नजर आएगा। इसके साथ ही नंदी हॉल में एकॉस्टिक ट्रीटमेंट भी किया जाएगा, ताकि आरती, मंत्रोच्चार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों की आवाजों में इको की समस्या खत्म हो सके और श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।