रतलाम। जिले के जावरा नगर पालिका में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर शिकायतों के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू ) की टीम ने जावरा नगर पालिका पहुंचकर जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। टीम द्वारा नगर पालिका कार्यालय में विभिन्न दस्तावेजों, भुगतान फाइलों एवं विकास कार्यों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
नगर पालिका में पिछले कुछ समय से निर्माण कार्यों, खरीद प्रक्रिया एवं भुगतान संबंधी मामलों में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर ईओडब्ल्यू ने प्रारंभिक जांच शुरू की है।
जांच दल ने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। टीम द्वारा विभिन्न विभागों से जुड़े रिकॉर्ड का मिलानकर वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय में दिनभर हलचल का माहौल बना रहा। कर्मचारियों एवं अधिकारियों में भी जांच को लेकर चर्चा बनी रही। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होना चाहिए, ताकि शासकीय राशि का दुरुपयोग रोककर पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।