चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ आयुक्त द्वारा शहर की रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेने हेतु प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोलप्या चौराहा, महाराणा प्रताप सेतु मार्ग, रेलवे स्टेशन मार्ग, निम्बाहेड़ा रोड, उदयपुर रोड, बाईपास चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा एवं कपासन चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए खराब एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था बनाए रखना नगर परिषद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है तथा इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने कनिष्ठ अभियंता को निर्देशित किया कि शहर के समस्त मुख्य मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों का नियमित निरीक्षण कर बंद एवं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की सूची तैयार की जाए तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रात्रिकालीन समय में प्रकाश व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कुछ मार्गों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए गए। इस पर संबंधित कांट्रेक्टर द्वारा मौके पर पहुंचकर इनानी सिटी सेंटर से भगत सिंह पार्क तक बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत दुरुस्त करवाया गया। आयुक्त ने मौके पर ही कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु नियमित रखरखाव एवं त्वरित मरम्मत कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
नगर परिषद द्वारा शहर में बेहतर एवं सुरक्षित रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण एवं आवश्यक सुधार कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा।
आमजन की सुविधा हेतु नगर परिषद द्वारा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर 6375953639 जारी किया गया है। नागरिक उक्त नंबर पर कॉल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, जिससे खराब एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।