देवास। जिले के नागदा क्षेत्र के ग्राम भरियाबावड़ी में डायरी सिस्टम से खुलेआम शराब बिक्री से परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण महिला-पुरुषों ने संयुक्त कलेक्टर विसाखा देशमुख को ज्ञापन सौंपकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं, जिनके कारण परिवारों में आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बन रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में एक महिला ने पति की शराब की लत से परेशान होकर आत्महत्या कर ली, वहीं एक अन्य व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ पी लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में खुलेआम और डायरी के माध्यम से शराब बेची जा रही है, जिससे पूरे गांव का माहौल खराब हो रहा है और छोटे-छोटे बच्चे भी गलत दिशा में जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में संचालित दोनों शराब दुकानों को तत्काल बंद कराया जाए, ताकि गांव का माहौल सुधर सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।