नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में लगभग 55 आवेदकों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए।
इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 15 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर प्रकरण बंद किए गए। एसपी व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश भी दिए। साथ ही गर्मी को देखते हुए सभी पुलिस इकाइयों में फरियादियों के लिए शीतल जल की व्यवस्था और बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान, एसडीओपी रोहित राठौर, एसडीओपी निकिता सिंह सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।