नीमच। ग्राम मालाहेड़ा से हाड़ी पिपल्या मार्ग की खराब स्थिति और सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों एवं भीम आर्मी संगठन ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया गया कि मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बरसात के दौरान पानी भरने से आवागमन बाधित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। छोटा किरपुरिया तक का हिस्सा कीचड़ और जलभराव से प्रभावित होने के कारण विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के दोनों ओर अवैध अतिक्रमण के कारण पानी निकासी प्रभावित हो रही है। विरोध करने पर विवाद की स्थिति भी बन जाती है। आवेदन में कहा गया कि कई वर्षों से सड़क निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
भीम आर्मी जिला अध्यक्ष देवीलाल मेघवाल के नेतृत्व में सौंपे गए आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।