शिवपुरी। शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट की शिवपुरी जिला इकाई द्वारा नीट यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और युवाओं ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखीं।
संगठन ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, नीट सहित अन्य पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने तथा सभी रिक्त सरकारी पदों पर स्थायी भर्ती किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होना बेहद गंभीर मामला है, जिससे लाखों मेहनती और मेधावी छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
ज्ञापन में मांग की गई कि पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों, अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था लागू की जाए। संगठन ने मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया में 12वीं कक्षा की मेरिट के आधार पर प्रवेश देने का सुझाव भी रखा।
इसके अलावा शिवपुरी जिले में नीट परीक्षा केंद्र स्थापित करने, भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार रोकने के लिए कठोर कानून बनाने तथा मध्यप्रदेश में समाप्त किए जा रहे 1.20 लाख पदों को बहाल कर स्थायी भर्ती किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।