देवास। जिले की सोनकच्छ तहसील के गंधर्वपुरी फाटा स्थित वार्ड क्रमांक 7 के रहवासी कलेक्टर जनसुनवाई में अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख को समस्याओं से अवगत कराते हुए आवेदन सौंपा।
रहवासियों ने साफ तौर पर बताया कि करीब 15 से 20 परिवार वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। न जमीन का पट्टा मिला, न पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध है। पूरे क्षेत्र में कीचड़ फैला हुआ है, जिससे लोगों का जीवन नारकीय बना हुआ है। सबसे बड़ी बात यह कि सरकारी योजनाएं भी इन परिवारों तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय दिखाई देते हैं, उसके बाद क्षेत्र की समस्याओं से पूरी तरह मुंह मोड़ लेते हैं। हैरानी की बात यह है कि महज 100दृ200 मीटर दूर पानी की पाइपलाइन का काम चल रहा है, लेकिन उसे वार्ड तक आने से रोक दिया गया है।
कई बार विभागों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन देने के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो मजबूर होकर रहवासी कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए।
मामले में संयुक्त कलेक्टर विशाखा देशमुख ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए हैं।