खरगोन। जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में तालाब पर पानी पीने गई भैंस द्वारा विद्युत पंप का तार टूटने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी गई। मारपीट में युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर आने के बाद उसे गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया। मामले में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायत आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी को दिए आवेदन में सेल्दा निवासी मनोज बलीराम यादव ने बताया कि 1 अप्रैल को वह विरानगांव चंदनपुरा तालाब पर भैंसों को पानी पिलाने गया था। इसी दौरान सिंचाई के लिए लगाए गए विद्युत पंप का तार भैंस से टूट गया। इस बात को लेकर लोकेश और सुगन उससे विवाद करने लगे तथा गाली-गलौज की।
पीड़ित के अनुसार बाद में रास्ते में रोककर लोकेश, राधेश्याम, विवेक, मानसिंह, विष्णु, लीलाधर और घीसू सहित अन्य लोगों ने संगठित होकर हमला कर दिया। आरोप है कि राधेश्याम ने लोहे की रॉड, विवेक ने प्लास्टिक पाइप, लोकेश ने लट्ठ और विष्णु ने लोहे के पावड़े से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने पत्थरों से मारपीट की।
हमले में मनोज के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया तथा उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। बाद में ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के चलते इंदौर रेफर किया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि बड़वाह थाना पुलिस ने उसकी शिकायत के अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसी के चलते उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।