चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शंभूपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए तस्कर-
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं डीएसपी विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी शंभूपुरा धर्मराज मीना के नेतृत्व में टीम ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका।
1 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद-
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
पुलिस ने 30 वर्षीय राजमल पुत्र प्रथ्वीराज भील निवासी तुर्किया कला (थाना कपासन) हाल गोपाल नगर तथा 42 वर्षीय निलेश पुत्र मोड़ी राम छिपा निवासी पावटा चौक, चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील-
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।