नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को समय-सीमा पत्रों के निराकरण एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में मातृ स्वास्थ्य, उपार्जन व्यवस्था एवं ईंधन आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मातृ स्वास्थ्य पर विशेष फोकस-
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि एएनसी जांच में सीवियर एनिमिक चिन्हित गर्भवती महिलाओं को ब्लड ट्रांसफ्यूजन (बी.टी.) कराने पर प्रति महिला 750 की सहायता राशि रेडक्रॉस के माध्यम से प्रदान की जाए। इस सप्ताह बीटी करवाने वाली 19 गर्भवती महिलाओं की सूची तत्काल रेडक्रॉस को उपलब्ध कराने तथा आगे भी नियमित रूप से सूची भेजने के निर्देश दिए गए।
उपार्जन एवं भंडारण व्यवस्था-
समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं, चना एवं मटर की खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपार्जित उपज का तत्काल परिवहन कर वेयरहाउस में सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि खरीदी कार्य बाधित न हो।
पेट्रोल-डीजल एवं गैस आपूर्ति पर निगरानी-
जिले में पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल, डीजल एवं गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की समीक्षा कर कलेक्टर ने कंपनियों के साथ समन्वय कर निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एनएस सिसोदिया सहित समस्त एसडीएम एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।