जावद। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बुधवार को जावद नगर का दौरा कर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं प्रबुद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर पुलिसिंग का भरोसा दिलाया।
थाना परिसर में हुई बैठक-
जावद आगमन पर एसपी व्यास ने स्थानीय थाना परिसर में नगर के प्रबुद्ध नागरिकों एवं आमजन के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र की सामाजिक एवं भौगोलिक स्थिति की जानकारी ली तथा नागरिकों से कानून व्यवस्था संबंधी सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है तथा पुलिस-जन सहयोग से ही बेहतर कानून व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।
नीमच दरवाजा से उठाना दरवाजा तक पैदल मार्च-
बैठक के बाद एसपी व्यास ने पुलिस बल के साथ नगर में पैदल मार्च किया। उन्होंने नीमच दरवाजा से उठाना दरवाजा तक मुख्य मार्गों एवं तंग गलियों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मातहत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारी रहे मौजूद-
दौरे के दौरान एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।