नीमच। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरखेड़ी पानेरी निवासी बांछड़ा समाज की 22 वर्षीय युवती की जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका रीया पिता गोवर्धन बांछड़ा ने मंगलवार शाम खेत पर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि रीया ने स्वयं परिजनों को जहरीला पदार्थ सेवन करने की जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां मंगलवार शाम लगभग 4.45 बजे उसे भर्ती किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना पर नीमच सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग कायम किया। फिलहाल युवती द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
