सोनकच्छ। ग्राम कराड़िया माहौर में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लगने से किसान रविंद्र पिता दौलत सिंह सेंधव झुलस गए, वहीं घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविंद्र सेंधव शाम करीब 5रू45 बजे अपने घर की रसोई में गैस पर चाय बना रहे थे, तभी सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही उन्होंने साहस दिखाते हुए डंडे की मदद से रेगुलेटर अलग करने का प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर लुढ़कने से गैस के तेज दबाव में आग पूरे कमरे में फैल गई।
आग की चपेट में दीवार पर टंगे कपड़े और गेहूं बिक्री की नगदी भी आ गई। किसान ने बताया कि हाल ही में गेहूं बेचकर बैंक से निकाले करीब 2 लाख 30 हजार रुपये घर में रखे थे, जो जल गए। इसके अलावा एलसीडी टीवी, पंखा, कूलर सहित अन्य घरेलू सामान भी खाक हो गया।
पड़ोसियों की मदद से पानी और गीले कपड़ों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान रविंद्र के हाथ-पांव झुलस गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना की सूचना पर हल्का पटवारी संदीप रावत ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया। वहीं पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज कराया गया है।