खरगोन जिले के कसरावद में कपास की बुआई के समय अघोषित बिजली कटौती से परेशान माकडखेडा और कठोरा ग्रीड क्षेत्र के किसानों का सब्र जवाब दे गया। बुधवार को दर्जनों किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और तुरंत राहत की मांग की।
क्या है मामला
किसानों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से ष्लोड सेटिंगष् के नाम पर अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। रात के समय 1 घंटा बिजली आने के बाद आधा घंटा बंद हो जाती है। इससे नर्मदा पाइप लाइन से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
फसल पर संकट
किसानों ने ज्ञापन में बताया कि अभी कपास बुआई का मुख्य समय चल रहा है, लेकिन बिजली न मिलने से बुआई रुकी हुई है। साथ ही गन्ना और केले की खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
किसानों की मांग
समस्त किसान बंधुओं ने एसडीएम से निवेदन किया है कि फसलों को बचाने के लिए किसानों को किसी भी स्थिति में लगातार 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फसलों को भारी नुकसान होगा। ज्ञापन में दिलीप सिंह पटेल, महेश यादव, राजेंद्र डोंगरे, विवेक डोंगरे, रमेश पाटीदार, रामकरण यादव, प्रदीप पटेल, भारत यादव एवम सभी किसान मौजूद रहे।