नीमच। जावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जाट के ग्राम तिरौली में बंद पड़े ट्यूबवेल को पुनः चालू कर पेयजल व्यवस्था सुचारु किए जाने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिली है।
गांव की महिलाओं एवं युवा साथी दिनेश भील सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नीमच तथा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला नीमच के जिलाध्यक्ष रतनलाल मालावत का आभार व्यक्त किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी, जिसके चलते महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर बंद पड़े ट्यूबवेल को पुनः प्रारंभ करवाया, जिससे अब गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रतनलाल मालावत ने कहा कि आमजन की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाता रहेगा।