शाजापुर। थाना कोतवाली पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों में बड़ी सफलता मिली है। रेलवे कॉलोनी में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹1.30 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया है।
यह कार्रवाई यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन, घनश्याम मालवीय एवं अजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष वाघेला द्वारा विशेष टीम गठित कर संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरी पर अभियान चलाया जा रहा था।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने धार-टांडा क्षेत्र से आए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान — अविन उर्फ अरविंद अलावा रवि मावड़ा के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने 27 मार्च 2026 को रेलवे कॉलोनी में फरियादी महेंद्र आर्य और महेश कुमार चौधरी के घरों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त Hero Honda Splendor बाइक क्रमांक MP-09-XL-3895 तथा चोरी गया मंगलसूत्र पेंडल बरामद किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹1.30 लाख बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नवीन बिलावलिया, सउनि संजय सवनेर, प्रधान आरक्षक प्रमोद नागर, आरक्षक संतोष डावर, राकेश पाण्डव, शिशुपाल, सुनील चौधरी और दीपक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है।