भोपाल। मध्य प्रदेश में अब गेहूं खरीदी 28 मई तक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि 23 मई से बढ़ाकर 28 मई तक करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने किसानों से किए गए वादों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सरकारी खरीदी केंद्रों पर जिन किसानों ने स्लॉट बुक कर लिए हैं, लेकिन लंबी कतारों के कारण अभी तक गेहूं नहीं बेच पाए हैं, उन सभी का गेहूं खरीदा जाएगा।
रिकॉर्ड तोड़ खरीदी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार ने गेहूं खरीदी में अपने ही पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बीते वर्ष सरकार ने 75 लाख टन गेहूं खरीदा था, जबकि इस साल सरकार 100 लाख टन से अधिक खरीदी के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में मध्य प्रदेश पूरे देश में सर्वाधिक गेहूं खरीदने वाला राज्य बन गया है। अब तक 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है।
वैश्विक चुनौतियों के बावजूद सरकार संकल्पबद्ध
डॉ. मोहन यादव ने स्वीकार किया कि भंडारण, वारदाने, बेमौसम बारिश और परिवहन जैसी चुनौतियां सामने हैं, लेकिन सरकार किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार महिला, युवा, गरीब और किसान समेत सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित है और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रही है।