मंदसौर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने विशेष रूप से तैयार किए गए निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर एवं जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित उपस्थित रहे। सांसद गुर्जर ने अपनी सांसद निधि से 6.50 लाख की राशि प्रदान कर इस निक्षय वाहन को तैयार कराया है।
यह वाहन जिले के 905 ग्रामों एवं सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में भ्रमण कर टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेगा। वाहन में एक्स-रे सहित आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान रमादेवी बंशीलाल गुर्जर द्वारा प्रदान की गई राशि से 25 फूड बास्केट (आहार किट) भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर सांसद गुर्जर ने कहा कि टीबी रोग पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है, बशर्ते समय पर उपचार लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से ही टीबी को समाप्त किया जा सकता है और प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में मंदसौर जिला सक्रिय भूमिका निभा रहा है।