नीमच/भोपाल। गेहूं उपार्जन को लेकर सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। जिन किसानों के स्लॉट 23 मई तक बुक हो चुके हैं, उनका गेहूं अब 28 मई तक खरीदा जाएगा। पहले अंतिम तिथि 23 मई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 28 मई कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 मई को यह घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लगातार किसान हितैषी निर्णय ले रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मध्यप्रदेश में लगभग 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पिछले वर्ष लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था। अभी तक राज्य में 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिन किसानों ने स्लॉट बुक कर लिए हैं, उनका पूरा गेहूं निश्चित रूप से खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि भंडारण, बारदाना, मौसम और परिवहन जैसी चुनौतियों के बावजूद सरकार पूरी व्यवस्था के साथ उपार्जन कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को समर्थन मूल्य 2625 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान कर रही है और किसान हित सर्वाेच्च प्राथमिकता है।