चित्तौड़गढ़। जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यों को लेकर कपासन एवं भूपालसागर क्षेत्र में समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों ने क्षेत्रीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कपासन नगरपालिका सभागार में आयोजित बैठक में तहसीलदार मिर्जा नासिर बैग एवं अधिशासी अधिकारी खेमराज सिंह गुर्जर उपस्थित रहे। जिला सांख्यिकी अधिकारी एवं उप जिला जनगणना अधिकारी शबनम खोरवाल ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से कार्य पूर्ण करें।
जिला पर्यवेक्षक अपेक्षा जैन ने नजरी नक्शों में भवन संख्या का स्पष्ट अंकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला क्षेत्र प्रशिक्षक अश्विनी कुमार व्यास एवं प्रकाशचंद्र शर्मा ने एचएलओ एप से संबंधित तकनीकी समस्याओं का समाधान करते हुए कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया।
भूपालसागर तहसील कार्यालय में आयोजित बैठक में तहसीलदार अपूर्व गौतम सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रगणक उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का फील्ड कार्य किया जाएगा।
उप जिला जनगणना अधिकारी शबनम खोरवाल ने निर्देश दिए कि फील्ड में भवन नंबर अंकित करने के बाद उसमें अनावश्यक बदलाव न किए जाएं तथा सर्वे कार्य मौके पर जाकर ही किया जाए। उन्होंने पर्यवेक्षकों को रेंडम निरीक्षण कर प्रगणकों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठकों के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों ने क्षेत्र में पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं भवन क्रमांकन कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गुणवत्तापूर्ण एवं सावधानीपूर्वक कार्य करने पर जोर दिया।
इस दौरान तकनीकी सहायक निधि जैन, कुलदीप सोनी, नंदलाल मेनारिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।