चित्तौड़गढ़। उपखंड अधिकारी बीनू देवल ने बुधवार को जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत संचालित फील्ड कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्य प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्यों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपखंड अधिकारी ने कहा कि जनगणना किसी भी राष्ट्र में योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण आधार होती है। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में आंकड़ों की शुद्धता की अहम भूमिका रहती है।
उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल एवं आधुनिक तकनीक आधारित प्रणाली से संपादित की जाएगी, जिससे डाटा की शुद्धता, पारदर्शिता एवं त्वरित विश्लेषण सुनिश्चित हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बीनू देवल ने फील्ड में एचएलओ ऐप के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जांच की तथा पाई गई त्रुटियों को समय पर सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी प्रगणकों से अपने दायित्वों का निर्वहन सजगता, जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ करने का आह्वान किया, ताकि जनगणना कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण किया जा सके।