शिवपुरी। जिले की पिछोर तहसील निवासी दीक्षा जाटव ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से अपने पति रविन्द्र जाटव, उनके परिवार और अपनी सहेली पूजा को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की मांग की है।
दीक्षा ने बताया कि उसकी पहचान रविन्द्र जाटव से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद दोनों ने अपनी मर्जी से विवाह करने का निर्णय लिया।
ग्राम नाँद निवासी दीक्षा ने बताया कि उसने अपने परिवार को रविन्द्र से शादी करने की इच्छा जताई थी, लेकिन परिजनों ने इसका विरोध किया। विरोध के चलते वह घर छोड़कर चली गई और 4 मई को ग्वालियर कोर्ट में रविन्द्र जाटव से विवाह कर लिया।
दीक्षा का कहना है कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से शादी की है, इसके बावजूद उसके परिजन पति और उसके परिवार को लगातार परेशान कर रहे हैं। वहीं अपनी सहेली पूजा का बचाव करते हुए दीक्षा ने कहा कि परिवार वाले उस पर गलत आरोप लगा रहे हैं कि उसने भगाने में मदद की।
परिजनों द्वारा लगाए गए पैसे और जेवर ले जाने के आरोपों को भी दीक्षा ने निराधार बताया। उसने कहा कि वह घर से कोई नकदी या जेवरात लेकर नहीं आई थी और न ही अपनी सहेली को कुछ दिया।
दीक्षा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसके पति रविन्द्र जाटव, उनके परिवार और सहेली पूजा को बेवजह परेशान न किया जाए।