शिवपुरी। जिले में खाद संकट को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की।
किसानों का कहना है कि प्रदेश में लागू ई-टोकन व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हो रही है। सर्वर आधारित ऑटो सिस्टम से खाद की मात्रा तय होने के कारण किसानों को उनकी जरूरत और भूमि के रकबे के अनुसार पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है। इससे फसलों के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों पर खाद लेने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। कई किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी बिना खाद लिए लौटना पड़ रहा है।
किसानों ने मांग की कि डीएपी, यूरिया और एनपीके सहित सभी प्रकार की खाद समय पर और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ई-टोकन व्यवस्था में सुधार कर किसानों को उनकी भूमि और फसल की आवश्यकता के अनुसार खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।