नीमच। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र स्थित मोतीसर बावजी (ओखाबावजी) परिसर में एक महिला श्रद्धालु के साथ सोने की चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात महिला ने नहाने के दौरान करीब 5 तोले की सोने की “रामनमी” चोरी कर ली।

जानकारी के अनुसार लीलाबाई बंजारा, निवासी बाक्याखेड़ा, तहसील रामपुरा (जिला नीमच) 12 मई 2026 को सुबह करीब 11.30 बजे मोतीसर बावजी दर्शन एवं झडाने के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान वह पास स्थित बावड़ी पर स्नान कर रही थीं।

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान उन्होंने गले से सोने की रामनमी निकालकर पर्स में रख दी थी, लेकिन कुछ समय बाद जब उन्होंने पर्स देखा तो आभूषण गायब था।

घटना के बाद पीड़िता ने नीमच कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक महिला और पुरुष की संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में एक महिला द्वारा वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्तियों को पहचानता हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
