कुकड़ेश्वर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कुकड़ेश्वर नगर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर क्रांति एवं संचार व्यवस्था से जोड़कर नई दिशा प्रदान की। युवाओं को आगे बढ़ाने और भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का उनका सपना आज भी देश के विकास में प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेतृत्व वाले ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने शिक्षा, तकनीक और पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य किया। उनके विचार आज भी देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए प्रेरणादायी हैं।
कार्यक्रम का आयोजन चंपा बाजार स्थित वार्ड क्रमांक 7 में नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश जिगर के निवास पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुकड़ेश्वर के पूर्व सरपंच कारूलाल भानपिया, हरिदास बैरागी, रिंकू भानपिया, बलवंत खींची, कुंदन खींची, नरेंद्र भानपिया, संजय पंचोली, दिनेश मामा, लालाराम गुर्जर, लोकेश वसनारिया, शाहरुख भाई, हरिराम दलवरिया, राजू पटेल, सोनू भानपिया, छोटू डोडावल सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
सभा में उपस्थित जनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।