नीमच। जिले के पास स्थित ग्राम जमुनिया खुर्द में इन दिनों रामलीला मंचन से पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्री राधा कृष्ण रामलीला मंडल द्वारा श्री राम जानकी मंदिर परिसर में रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत रामायण जी की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद सुशोभित झांकियों और नाट्य प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। समाजसेवी एवं गौ रक्षक विक्रम सिंह सोनगरा ने बताया कि रामलीला के माध्यम से धर्म प्रचार और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पहले दिन भगवान के प्राकट्य, मुनि आगमन और गुरु विश्वामित्र द्वारा राम-लक्ष्मण को यज्ञ रक्षा हेतु ले जाने की कथा प्रस्तुत की गई। दूसरे दिन जनकपुर स्वयंवर और भगवान श्रीराम द्वारा धनुष भंग की लीला का मंचन हुआ। तीसरे दिन धनुष भंग के बाद भगवान परशुराम के क्रोध और जनकपुर प्रसंग का प्रभावशाली चित्रण किया गया।
रामलीला मंचन को देखने के लिए शाम होते ही राम जानकी मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगती है। ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और लोग देर रात तक रामलीला का आनंद ले रहे हैं।