मनासा। नगर परिषद अध्यक्ष सीमा अजय तिवारी के जन्मदिन एवं विवाह वर्षगांठ के अवसर पर नगर परिषद सभागार में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने पहुंचकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. सीमा अजय तिवारी ने कहा कि मंदिरों की नगरी मनासा की विकास यात्रा निरंतर जारी है और आने वाले समय में नगर का स्वरूप और अधिक भव्य होगा। उन्होंने कहा कि मनासा का नाम जल्द ही प्रदेश के बड़े एवं विकसित शहरों की श्रेणी में शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि नगर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाते हुए उसकी सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान को भी संरक्षित किया जाएगा। नगर में चल रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए परिषद लगातार प्रयासरत है।
समारोह में वक्ताओं ने डॉ. तिवारी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नगर में सौंदर्यीकरण एवं मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। कार्यक्रम में केक काटकर जन्मदिन एवं विवाह वर्षगांठ मनाई गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री अश्विनी सोनी, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, पार्षद दशरथ खाटवा, प्रवीण जोनवाल, लालाचंद राठौर, सीएमओ संजय पाटीदार, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चंद्रावत, मोनू चौधरी, पूर्व पार्षद पंकज पोरवाल, राजेश वर्मा, प्रेस क्लब अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय, मोहित जोशी, मनोज बिरला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश राठौर ने किया तथा आभार इंजीनियर रविश कादरी ने माना।