मंदसौर। ग्राम तीतरोद निवासी शिवपुरी गोस्वामी ने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है।
उन्होंने मात्र कक्षा 6वीं तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद प्लंबिंग का कार्य शुरू किया था, लेकिन कम आमदनी के कारण परिवार का खर्च चलाना कठिन हो रहा था। इसी दौरान उन्हें ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) मंदसौर के बारे में जानकारी मिली, जहां एसी एवं रेफ्रिजरेटर रिपेयरिंग का निरूशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
शिवपुरी गोस्वामी ने आवेदन कर 11 जुलाई 2025 से 9 अगस्त 2025 तक 30 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिसमें उन्हें तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने मात्र 10 हजार रुपये की पूंजी से आवश्यक उपकरण खरीदकर काम शुरू किया।
धीरे-धीरे उन्होंने गांव-गांव जाकर सेवा देना शुरू किया और आज उनके पास नियमित ग्राहक आने लगे हैं। वर्तमान में वे प्रतिमाह लगभग 25 से 30 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय आरसेटी मंदसौर एवं प्रशिक्षण संस्थान को देते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया।