खरगोन। कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा इस वर्ष 28 मई को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। ईद से पहले बाजारों में खरीदारी का उत्साह देखने को मिल रहा है और शहर के प्रमुख बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
गुरुवार को कसरावद रोड पर लगने वाले साप्ताहिक हाट में पशु बाजार भी सजा, जहां कुर्बानी के लिए बकरों की जमकर खरीदारी हुई। बाजार में विभिन्न नस्लों के बकरे आकर्षण का केंद्र बने रहे। हालांकि इस बार बकरों की कीमतों पर महंगाई का असर साफ नजर आया। बाजार में बकरों की कीमत करीब 20 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक रही, जिससे कई खरीददार कीमतों को लेकर चिंतित दिखाई दिए।
इसके बावजूद लोगों में त्योहार को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ। बाजारों में सौंदर्य प्रसाधन, रेडीमेड कपड़े, जूते-चप्पल, ज्वेलरी और किराना दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। शाम होते ही बाजारों की रौनक और बढ़ गई।
व्यापारियों का कहना है कि ईद-उल-अजहा को लेकर इस बार बाजार में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं लोग भी अपने परिवार के साथ त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं।