शाजापुर। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मात्र तीन दिनों के भीतर एक नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को राहत प्रदान की है।
घटना विवरण
दिनांक 19/05/2026 को फरियादी द्वारा थाना मोहन बड़ोदिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन घर से किराना का सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। इस पर थाना मोहन बड़ोदिया में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा अपहृता की शीघ्र पतारसी हेतु ₹5000 के इनाम की घोषणा भी की गई।
पुलिस की कार्रवाई एवं खुलासा
विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहन बड़ोदिया उनि अरविंद सिंह तोमर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों एवं संदिग्धों से पूछताछ तथा आसपास के क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। साथ ही जिला साइबर सेल शाजापुर की सहायता से तकनीकी साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर सफलता मिली और अपहृता को दिनांक 21/05/2026 को कानड़, जिला आगर-मालवा स्थित बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया गया।
टीम की भूमिका
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि अरविंद सिंह तोमर, प्र.आर. जगदीश दांगी, प्र.आर. जितेन्द्र शर्मा, आरक्षक शैलेन्द्र गुर्जर, महिला आरक्षक कीर्ति मण्डोत, आरक्षक अर्जुन सिंह बागड़ी, आरक्षक रामेश्वर दांगी सहित साइबर सेल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।