मनासा। मनासा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी उस समय बढ़ गई जब विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस थाना मनासा में लिखित पत्र सौंपा। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
विधायक मारू ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा सार्वजनिक मंच से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि 20 मई 2026 को दिए गए बयान में प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया, जो निंदनीय होने के साथ-साथ कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। विधायक ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाए।
मारू ने कहा कि देश के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है और इससे लाखों कार्यकर्ताओं की भावनाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस पत्र के सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है तथा भाजपा एवं कांग्रेस समर्थकों के बीच प्रतिक्रिया और बहस का दौर शुरू हो गया है।