नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर खरीदे गए एवं उपयोग से शेष बचे पटाखों को अपने घरों में न रखें, बल्कि उन्हें अधिकृत पटाखा गोदामों में जमा कर रसीद प्राप्त करें।
कलेक्टर ने जिले के अस्थाई लाइसेंसी पटाखा विक्रेताओं से भी कहा है कि उनके पास बचे हुए पटाखों का भंडारण घरों या असुरक्षित स्थानों पर न किया जाए, बल्कि सभी पटाखों को सुरक्षा की दृष्टि से स्थाई गोदामों में जमा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि घरों में पटाखों का भंडारण गर्मी के मौसम में आगजनी की घटनाओं का कारण बन सकता है, इसलिए सभी नागरिक इस दिशा में सतर्कता बरतें।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखा दुकानों, गोदामों एवं अन्य विस्फोटक सामग्री के भंडारण स्थलों का संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
एसपी राजेश व्यास ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विस्फोटक सामग्री एवं पटाखा गोदामों का हर तीन माह में नियमित अंतराल पर निरीक्षण किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।