नीमच। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में कोई भी अनफिट वाहन सड़क पर संचालित न हो तथा आरटीओ द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच सख्ती से की जाए।
बैठक में आगामी वर्षाकाल को देखते हुए रामपुरा एवं मोरवन में आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही निर्माणाधीन सीटी हाईवे एवं नीमच-सिंगोली सड़क कार्यों के चलते किसी भी स्थान पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए एमपीआरडीसी को पहले से आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को जल स्रोतों, जलाशयों, डेम, स्टॉप डेम एवं पुल-पुलियाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा की स्थिति में किसी भी प्रकार की क्षति या रिसाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
सड़क सुरक्षा के तहत कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट एवं ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं ओवरलोड वाहनों और यात्री वाहनों में कृषि उपज परिवहन पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच और चालकों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में संकेतक, स्पीड ब्रेकर एवं सुरक्षा बोर्ड लगाए जाएं।
बैठक में एसपी राजेश व्यास, एडीएम बीएस कलेश सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।