रतलाम/भोपाल। भीषण गर्मी के बीच जहां तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घंटों बिजली बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि बिजली विभाग मेंटेनेंस, लोड प्रबंधन और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का हवाला देकर बार-बार बिजली आपूर्ति बंद कर रहा है, जबकि मौसम पूरी तरह साफ है। लोगों का कहना है कि न आंधी है, न बारिश और न ही तेज हवा, फिर भी लगातार बिजली कटौती समझ से परे है।
गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। घरों में कूलर और पंखे बंद होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में रात के समय बिजली कटौती से लोगों को जागकर रात बितानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों का रवैया गैरजिम्मेदाराना बना हुआ है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखना अब आम बात हो गई है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो विद्युत विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से भी तत्काल हस्तक्षेप कर आमजन को राहत दिलाने की मांग की है।